कानपुर देहात- अवैध हथियार के साथ शातिर गिरफ्तार: रूरा पुलिस ने सलेमपुर गांव से दबोचा
112 नंबर की सूचना पर पीआरवी और रूरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अवैध अधिया और चार जिंदा कारतूस बरामद

कानपुर देहात: जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध शस्त्र रखने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रूरा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक मुखबिर और डायल 112 से मिली सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक अवैध अधिया और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कॉलर सावित्री देवी ने डायल 112 पर सूचना दी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पीआरवी कर्मचारी और रूरा थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम सलेमपुर निवासी राजेश कुमार जाटव (उम्र करीब 50 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अदद अवैध अधिया 315 बोर और चार अदद जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि यह असलहा उसे कुछ महीने पहले खेत के पास पड़ा मिला था, जिसे उसने अपनी सुरक्षा के लिए रख लिया था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, कांस्टेबल सत्यपाल और रिजर्व कांस्टेबल हरिओम शामिल रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: मंगलपुर में बाइक और साइकिल की भिड़ंत में मासूम बच्ची समेत तीन घायल



