कानपुर देहात पुलिस का महाऑपरेशन: सेक्स्टॉर्शन और साइबर ठगी करने वाले गिरोह के 10 शातिर गिरफ्तार, ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स से जुड़ा था नेटवर्क
महादेव ऐप और ऑनलाइन गेमिंग के फर्जी QR कोड से पैसे ट्रांसफर कराकर पुलिस को दे रहे थे चकमा।

कानपुर देहात में साइबर अपराधियों और सेक्स्टॉर्शन करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनपदीय पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में 10 शातिर साइबर ठगों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह शातिर अपराधी आम लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का झांसा देकर, पैसे दोगुना करने का लालच देकर और पुलिस अधिकारी बनकर सेक्स्टॉर्शन के जरिए ब्लैकमेल करते थे।
साइबर अपराधों पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और समस्त क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में साइबर सेल, सर्विलांस और विभिन्न थानों की एक संयुक्त टीम बनाई गई थी। पुलिस टीम ने जिले के चिन्हित साइबर हॉटस्पॉट्स पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान अकबरपुर पुलिस ने 2, गजनेर पुलिस ने 5 और रनियां पुलिस ने 3 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों के पास से कुल 23 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, ₹14,400 नकद और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पकड़े गए अभियुक्तों में अकबरपुर से सूरज व राजेश कुमार, गजनेर से शिवम, रजनीश सिंह, हरिओम, राहुल सिंह व गोरे, और रनियां से अंकित चौहान, सर्वेश व जय सिंह उर्फ चुम्मी शामिल हैं। संयुक्त पूछताछ में इन अपराधियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। अभियुक्तों ने बताया कि वे फर्जी सिम कार्ड बदल-बदलकर लोगों को जाल में फंसाते थे। वे लोगों को अश्लील वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाकर पुलिस या विजिलेंस अधिकारी बनकर जेल भेजने की धमकी देते थे और डर पैदा कर मोटी रकम वसूलते थे।
गिरफ्तारी और पुलिस ट्रैकिंग से बचने के लिए यह गिरोह बेहद शातिर तरीका अपनाता था। ठगी की रकम को सीधे अपने बैंक खातों में न मंगाकर, ये अपराधी ‘महादेव ऐप’, ‘अन्ना रेड’ और ‘इस्टामैच’ जैसे नामी ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स की फर्जी आईडी के QR कोड पीड़ितों को भेजते थे। पैसा गेमिंग ऐप्स में ट्रांसफर होने के बाद उसे नकद निकालकर आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है और इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
ये भी पढे- बड़ी खबर: कानपुर देहात में रविवार की छुट्टी कैंसिल, सभी स्कूल खोलने का बीएसए का सख्त आदेश जारी



