कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: जिला सलाहकार समिति की बैठक संपन्न: ‘माई भारत पोर्टल’ पर युवाओं के पंजीकरण के निर्देश

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में हुई बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के दिए गए निर्देश

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में युवाओं के कौशल विकास, सामाजिक सहभागिता एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से ‘माई भारत पोर्टल’ के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री अमित कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के अधिक से अधिक युवाओं का ‘माई भारत पोर्टल’ पर पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, स्वयंसेवी गतिविधियों, कौशल विकास कार्यक्रमों एवं नेतृत्व विकास से संबंधित अवसरों का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के लिए पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को ‘ऑन बोर्ड’ किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर शासन की मंशा के अनुरूप कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाए। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक संस्थानों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थाओं के माध्यम से युवाओं को पोर्टल से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया।

बैठक में शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम, स्वयंसेवी गतिविधियां, युवा संवाद, कौशल विकास कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि ‘माई भारत पोर्टल’ युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा, क्षमता एवं सामाजिक दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर सकते हैं। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयावधि में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला नेहरू युवा केंद्र अधिकारी प्रिया तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी नीलम सिद्दीकी, डिप्टी सीएमओ आशीष बाजपेई, उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात: संविलियन विद्यालय कन्या अफसरिया में भारी अनियमितता: बंद अलमारी में मिलीं किताबें, शिक्षकों की गुटबाजी पर भड़के बीएसए, पूरे स्टाफ को थमाया नोटिस


 

Related Articles

AD
Back to top button