कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: रक्षाबंधन पर मिठाई खरीदने से पहले सावधान, कानपुर देहात में भारी मात्रा में मिलावटी व सड़ी मिठाई कराई गई नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी में कई दुकानों से नमूने भरे गए, दर्जनों किलो दूषित लड्डू और रसगुल्ले फिंकवाए

कानपुर देहात। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में व्यापक अभियान शुरू किया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देश पर विभाग की टीम ने विभिन्न बाजारों में ताबड़तोड़ छापेमारी की।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राम अवतार सिंह के निर्देशन व नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम, जिसमें राम बिहारी, दिनेश चन्द्र, प्रदीप कुमार व डॉ रामतेज शामिल रहे, ने मंगलपुर और झींझक क्षेत्र में सघन पड़ताल की। टीम ने कन्हैया स्वीट हाउस मंगलपुर से छेना व पनीर, राजेश स्वीट हाउस झींझक से पेड़ा, वैभव गुप्ता किराना स्टोर से बेसन, अनुज गुप्ता किराना स्टोर से चने की दाल व मैदा और तेजस स्वीट्स मंगलपुर से पनीर के नमूने एकत्र किए।

छापेमारी के दौरान कंचन स्वीट हाउस झींझक में 25 किलोग्राम अत्यधिक रंगीन लड्डू और दुर्गंधयुक्त पनीर मिला, जिसे तत्काल प्रभाव से नष्ट कराया गया। इसी तरह काजल स्वीट हाउस झींझक से 25 किलोग्राम रंगीन लड्डू, 10 किलोग्राम रसगुल्ला और 8 किलोग्राम अस्वास्थ्यकर छेना फिंकवाकर नष्ट कराया गया। इसके अलावा डेरापुर और झींझक बाजार में ठेलों पर बिक रहे लगभग 20 किलोग्राम गहरे रंगीन फिंगर्स को भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए नष्ट किया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राम अवतार सिंह ने बताया कि कुल 7 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर विधिक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि त्योहार पर अत्यधिक चटक व रंगीन मिठाइयां खरीदने से बचें और कहीं भी मिलावट की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: निष्ठा और ईमानदारी से सभी पी0आर0डी0 जवान करें अपनी ड्यूटी, पढे खबर


 

Related Articles

AD
Back to top button