कानपुर देहात: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर जनपद में बढ़ी जागरूकता, 77 उपभोक्ताओं ने सोलर प्लांट के लिए कराया पंजीकरण
19, 21 और 24 अगस्त को डेरापुर, रनियां व सरवनखेड़ा में लगेंगे विशेष कैंप, मौके पर मिलेगा रजिस्ट्रेशन और लोन का लाभ

कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के कुशल नेतृत्व में जनपद कानपुर देहात में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को योजना के लाभ, सोलर पावर प्लांट की स्थापना, अनुदान, बैंक ऋण एवं पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
यूपीनेडा एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा योजना से संबद्ध अधिकृत वेंडरों द्वारा उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से अपने घर की छत पर सोलर पावर प्लांट स्थापित कर विद्युत व्यय में कमी लाई जा सकती है तथा सौर ऊर्जा को अपनाकर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा सकता है। शिविरों में बैंक अधिकारियों द्वारा योजना के अंतर्गत उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं तथा अधिकृत वेंडरों द्वारा सोलर पावर प्लांट की स्थापना एवं पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है। जनपद के पुखरायां, अकबरपुर एवं मलासा क्षेत्र में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में लगभग 295 लोगों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पावर प्लांट स्थापित कराने वाले 22 उपभोक्ताओं/लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं लगभग 77 विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा अधिकृत वेंडरों के माध्यम से सोलर पावर प्लांट स्थापना के लिए पंजीकरण कराया गया है। पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं के यहां सोलर पावर प्लांट स्थापित कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए 19 अगस्त 2026 को विकासखंड डेरापुर में दोपहर 12:30 बजे, 21 अगस्त 2026 को नगर पंचायत रनियां में पूर्वाह्न 11:30 बजे तथा 24 अगस्त 2026 को विकासखंड सरवनखेड़ा में दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के जागरूकता कैंप आयोजित किए जाएंगे।
इन कैंपों में आमजन को योजना की पात्रता, आवेदन एवं पंजीकरण, सोलर प्लांट की स्थापना, अनुदान तथा बैंक ऋण से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक विद्युत उपभोक्ताओं को मौके पर ही पंजीकरण कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यूपीनेडा द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने घरों की छत पर सोलर पावर प्लांट स्थापित कर विद्युत खर्च को कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में सहभागी बनें। योजना से संबंधित जानकारी के लिए आगामी जागरूकता कैंपों में पहुंचकर संबंधित अधिकारियों एवं अधिकृत वेंडरों से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



