रात के अंधेरे में मोबाइल की रोशनी जलाकर खेल रहे थे जुआ, कानपुर देहात पुलिस ने 11 जुआरियों को रंगे हाथों दबोचा
शिवली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फड़ और तलाशी से 36,250 रुपए नकद, 7 मोबाइल और 3 बाइक बरामद
कानपुर देहात: थाना शिवली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नहर पटरी के पास जुआ खेल रहे 11 लोगों को पकड़ा। आरोपी अंधेरे में मोबाइल टॉर्च की रोशनी के सहारे ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से 36,250 रुपए नकद, ताश के पत्ते, 7 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। सभी 11 अभियुक्तों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
कानपुर देहात में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने देर रात छापा मारकर नहर पटरी के पास मोबाइल की रोशनी में जुआ खेल रहे 11 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
थाना शिवली पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम चम्पतपुर के पास नहर पटरी पर स्थित पाकर के पेड़ के नीचे कुछ लोग भारी दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी की। रात करीब 12:10 बजे पुलिस ने देखा कि आरोपी मोबाइल की रोशनी जलाकर गमछे के फड़ पर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर सभी 11 लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस टीम ने फड़ से 28,000 रुपए और अभियुक्तों की जामा तलाशी से 8,250 रुपए सहित कुल 36,250 रुपए नकद बरामद किए। इसके साथ ही मौके से 52 ताश के पत्ते, 01 गमछे का फड़, 07 मोबाइल फोन और 03 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। इस मामले में थाना शिवली पर मुकदमा अपराध संख्या 291/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान संजय कुमार, अमर सिंह, अवधेश, चन्द्र कुमार उर्फ सोनू (सभी निवासी ग्राम मवैया, शिवली), मो. अनीश, अब्दुल वाहिद (निवासी असालतगंज, रसूलाबाद), रिंकू (सिठऊपुरवा, रसूलाबाद), आनंद (असनीपुरवा करोम, शिवली), पंकज (भगवंतपुर उसरी, रसूलाबाद), ब्रजेश उर्फ सौरभ (गंगागंज, पनकी, कानपुर नगर) और राजा (पाण्डेयहार, शिवली) के रूप में हुई है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, मुख्य आरक्षी मोहित यादव, आरक्षी अभिषेक कुमार, रवी कुमार, जगदीप सिंह, अजीत कुमार, धनंजय चौधरी, योगेन्द्र कुमार, रजत तालान और अभिषेक कुमार शामिल रहे।



