कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात:14 फरवरी ‘वैलेंटाइन डे’ पर पुखरायां को मिलेगा बड़ा तोहफा: बनकर तैयार होगा ₹2.77 करोड़ का हाईटेक बस स्टेशन, CDO ने दिए सख्त निर्देश
पुखरायां में 2.77 करोड़ की लागत से बन रहे आधुनिक बस स्टेशन का CDO ने किया निरीक्षण, 14 फरवरी 2027 तक काम पूरा करने का दिया अल्टीमेटम।

पुखरायां (कानपुर देहात): मोहब्बत के दिन यानी 14 फरवरी ‘वैलेंटाइन डे’ पर पुखरायां और आसपास के क्षेत्रवासियों के सफर को एक खूबसूरत और बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। कस्बे में निर्माणाधीन अत्याधुनिक बस स्टेशन का निर्माण कार्य 14 फरवरी 2027 तक हर हाल में पूरा करने की समय-सीमा तय कर दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को तय तारीख तक फिनिशिंग का पूरा काम निपटाने का अल्टीमेटम दिया है।
परिवहन विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल स्वीकृत लागत ₹2,77.71 लाख है, जिसके निर्माण हेतु ₹210.92 लाख का अनुबंध निष्पादित किया गया है। 15 फरवरी 2026 से शुरू हुए इस ड्रीम प्रोजेक्ट में अब तक 56 प्रतिशत भौतिक और 48.50 प्रतिशत वित्तीय प्रगति हासिल कर ली गई है। मौके पर बोरिंग, मिट्टी भराई, मुख्य भवन की छत ढलाई, प्लास्टर और टॉयलेट ब्लॉक का काम मुकम्मल हो चुका है, जबकि बाउंड्रीवाल, फ्रंट फेस, फ्लोरिंग और आधुनिक फिनिशिंग का काम युद्धस्तर पर जारी है।
मानक के विपरीत काम मिला तो होगी सीधी कार्रवाई
सीडीओ विधान जायसवाल ने परियोजना प्रबंधक को दो टूक निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। सामग्री की नियमित तकनीकी जांच की जाए और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी मिलने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि बस स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल, हाईटेक प्रकाश व्यवस्था, बैठने की उत्तम व्यवस्था और सुरक्षा के कड़े मानक सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट भी तलब की गई है।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, उपायुक्त श्रम रोजगार अशोक कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



