कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: जेम पोर्टल पर फर्जी ईएमडी लगाकर निविदा में लगाई सेंध, कानपुर देहात में 4 फर्मों पर एफआईआर दर्ज और ब्लैकलिस्ट

बेसिक शिक्षा विभाग की जांच में खुली पोल, डीएम कपिल सिंह के निर्देश पर हुई कठोर कार्रवाई

कानपुर देहात: बेसिक शिक्षा विभाग में मैनपावर आउटसोर्सिंग टेंडर में 4 फर्मों ने लगाई थी फर्जी और कूटरचित ईएमडी। संयुक्त जांच कमेटी के सत्यापन में दस्तावेजों के फर्जी पाए जाने पर हुआ बड़ा खुलासा। जिलाधिकारी कपिल सिंह के अनुमोदन पर चारों फर्मों को जेम पोर्टल पर किया गया ब्लैकलिस्ट। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में दर्ज कराई गई एफआईआर।

कानपुर देहात में शासकीय निविदा प्रक्रिया में धोखाधड़ी करने वाली चार फर्मों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा मैनपावर आउटसोर्सिंग सर्विस के चयन के लिए जेम (GeM) पोर्टल पर आमंत्रित निविदाओं में प्रस्तुत ईएमडी की जांच कराई गई थी।

बेसिक शिक्षा विभाग, अग्रणी जिला प्रबंधक और उपायुक्त जीएसटी द्वारा संयुक्त रूप से किए गए सत्यापन के दौरान चार फर्मों की ईएमडी फर्जी और कूटरचित पाई गई। इनमें वीवरसॉफ्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (लखनऊ), एसबीएनके एंटरप्राइजेज (लखनऊ), एएस इंफ्राटेक (गोमती नगर विस्तार, लखनऊ) और गंगोत्री मैनपावर एंड सिक्योरिटी एजेंसी (करनाल, हरियाणा) शामिल हैं।

दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पूरी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने इन चारों फर्मों को जेम पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इसके साथ ही फर्जी दस्तावेज लगाकर टेंडर हथियाने के प्रयास में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत संबंधित फर्मों पर एफआईआर दर्ज करा दी गई है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि शासकीय निविदा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी अभिलेखों का गहन सत्यापन कराया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी कार्यों में गड़बड़ी करने वाली किसी भी फर्म या व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा


Related Articles

AD
Back to top button