कानपुर देहात: सरकारी स्कूलों का होगा सेफ्टी ऑडिट, तीन सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम करेगी जांच
छात्रों की सुरक्षा के लिए मोबाइल ऐप से होगी भवनों की मजबूती, आग, बिजली और आपदा प्रबंधन की पड़ताल
राजेश कटियार, कानपुर देहात। जनपद के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में स्कूल सुरक्षा ऑडिट एवं जोखिम मूल्यांकन कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों के लिए सुरक्षित और आपदा-प्रतिरोधी माहौल तैयार करना है। इस कार्यक्रम के तहत एक तीन सदस्यीय विशेषज्ञ दल स्कूलों की जांच करेगा जिसमें सिविल/स्ट्रक्चरल एक्सपर्ट, फायर व इलेक्ट्रिकल सेफ्टी एक्सपर्ट और डिजास्टर मैनेजमेंट/फील्ड ऑडिटर शामिल होंगे।
स्कूलों का यह मूल्यांकन मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से डिजिटल रूप से किया जाएगा। ऑडिट के दौरान मुख्य रूप से स्कूल भवनों की मजबूती, आग व बिजली से सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता और दिव्यांग अनुकूल सुविधाओं की जांच की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया माननीय उच्च न्यायालय, एनडीएमए और उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी होगी। निरीक्षण पूरा होने के बाद राज्य स्तरीय विशेषज्ञों द्वारा कमियों को दूर करने और सुरक्षा बढ़ाने के जरूरी सुझाव दिए जाएंगे।
इस पूरी परियोजना के सफल संचालन के लिए रामू सिंह को जिला परियोजना प्रबंधक नियुक्त किया गया है, जिनका मोबाइल नंबर 9696908984 है। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल स्टाफ को निर्देश दिया है कि वे इस कार्यक्रम के सही क्रियान्वयन में पूरा सहयोग प्रदान करें।
ये भी पढे- सरकारी स्कूलों के होनहार बच्चे प्राइवेट स्कूलों की तरफ कर रहे हैं पलायन



