कानपुर देहात: विद्याज्ञान स्कूल प्रवेश परीक्षा 2027-28 के लिए प्रचार सामग्री का वितरण शुरू, 20 अक्टूबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन
उपशीर्षक: कक्षा 6 में प्रवेश के लिए 29 नवंबर को होगी लिखित परीक्षा, 3 लाख से कम आय वाले ग्रामीण छात्र होंगे पात्र
राजेश कटियार, कानपुर देहात। विद्याज्ञान स्कूल में शैक्षणिक वर्ष 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु तैयारियां तेज हो गई हैं जिसके तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर ऑनलाइन आवेदन और प्रचार सामग्री के वितरण को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
शासन के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित परिषदीय, राजकीय या सहायता प्राप्त अशासकीय/मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 5 में पढ़ रहे ऐसे छात्र इस परीक्षा के लिए पात्र होंगे जिनके परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है। विद्याज्ञान स्कूल में प्रवेश के लिए नियत प्रारंभिक लिखित परीक्षा का आयोजन रविवार 29 नवंबर 2026 को किया जाएगा और इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
शिव नादर फाउंडेशन द्वारा जनपद को प्रचार सामग्री के कुल 60 पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिसके लिए बीएसए ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल कार्यालय में विशेष वाहक भेजकर सामग्री प्राप्त करें और उसे संबंधित स्कूलों में वितरित कराएं। ब्लॉकवार पैकेटों के विवरण के तहत अकबरपुर को 7, मैथा को 5, सरवनखेड़ा को 5, मलासा को 5, अमरीधा को 5, राजपुर को 5, सन्दलपुर को 5, झींझक को 5, डेरापुर को 5 और रसूलाबाद को 8 पैकेट आवंटित किए गए हैं।
बीएसए ने इस आदेश का कड़ाई से पालन करने और योग्य बच्चों का अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं साथ ही किसी भी प्रकार की जानकारी या समन्वय के लिए विद्याज्ञान परीक्षा प्रभारी के मोबाइल नंबर 6393564955 पर संपर्क किया जा सकता है।
ये भी पढ़े – कानपुर देहात: सरकारी स्कूलों का होगा सेफ्टी ऑडिट, तीन सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम करेगी जांच



