कानपुर देहात: सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की अहम बैठक, जनहित और सकारात्मक संदेशों पर जोर
अफवाहों पर रोक और महिला सुरक्षा, साइबर अपराध व यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील
कानपुर देहात। जनपद में सकारात्मक पुलिसिंग और सामाजिक जागरूकता को गति देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस संवाद का मुख्य ध्येय डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए जनहितकारी संदेशों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने क्रिएटर्स से अपील की कि वे अपनी पहुंच का उपयोग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करें। उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, यातायात नियमों का पालन, नशे के दुष्प्रभाव तथा सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने वाले विषयों पर जागरूकता सामग्री तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया जनसंचार का सबसे सशक्त माध्यम बन चुका है। ऐसे में इनफ्लुएंसर्स की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संवेदनशील घटना या सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और विश्वसनीयता की जांच अवश्य कर लें, जिससे अफवाहों और भ्रामक जानकारियों के प्रसार को रोका जा सके।
बैठक के दौरान उपस्थित कंटेंट क्रिएटर्स के सुझावों को भी सुना गया तथा पुलिस व डिजिटल समुदाय के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर बल दिया गया।



