कानपुर देहात: अंतिम सावन सोमवार पर पुलिस अधीक्षक का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था देख दंग रह गए श्रद्धालु
कानपुर देहात के प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा पहरा, पुलिस बल को मिले सख्त निर्देश
कानपुर देहात: श्रावण मास के चौथे और अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और भक्तों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात ने स्वयं कई थाना क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान मंगलपुर क्षेत्र के मिंडाकुआ तिराहा, रूरा क्षेत्र के बनीपारा और रसूलाबाद स्थित प्रसिद्ध बाबा धर्मगढ़ मंदिर का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में मंदिर परिसरों और आसपास के मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को बारीकी से परखा गया।
बाबा धर्मगढ़ मंदिर परिसर में पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ड्यूटीरत अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित एक्शन प्लान तैयार रखने पर जोर दिया गया।



