यूपी में टीजीटी भर्ती का संशोधित रिजल्ट घोषित, हिन्दी-संस्कृत-अंग्रेजी को छोड़ अन्य सभी विषयों के परिणाम जारी
कोर्ट केस के चलते हिन्दी, संस्कृत व अंग्रेजी का परिणाम रुका, अभ्यर्थी 1 सप्ताह के भीतर चेक करें प्राप्तांक।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक भर्ती विज्ञापन संख्या-01/2022 का संशोधित चयन परिणाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है। आयोग द्वारा जारी इस ताजा विज्ञप्ति के अनुसार, अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया से गैर-हाजिर रहने वाले अभ्यर्थियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उनका चयन निरस्त कर दिया गया है।
आयोग के उपसचिव द्वारा जारी पत्र में साफ किया गया है कि प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) के विज्ञापित 3539 पदों के सापेक्ष जिन अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग और अभिलेख सत्यापन के लिए बुलाया गया था उनके लिए पहले एक तिथि निर्धारित की गई थी और बाद में पुनः एक और अवसर देते हुए नई तिथि तय की गई थी। इसके बावजूद जो अभ्यर्थी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए, विज्ञापन के नियम-12 (अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अनुदेश) के तहत उनकी दावेदारी और चयन को पूरी तरह से निरस्त कर दिया गया है।
विज्ञप्ति के अनुसार माननीय उच्च न्यायालय में लंबित विभिन्न वादों के आलोक में कुछ विषयों के परिणाम रोके गए हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड नियमावली 1998 के नियम 12(8) के तहत हिन्दी, संस्कृत एवं अंग्रेजी विषय को छोड़कर अन्य सभी विषयों का संशोधित चयन परिणाम आयोग द्वारा घोषित किया गया है।
चयन आयोग ने अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि वे अपने प्राप्तांकों का पूरा विवरण आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि अंकित कर देख सकते हैं। यह लिंक वेबसाइट पर केवल एक सप्ताह तक ही सक्रिय रहेगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि इस सम्बन्ध में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के अंतर्गत कोई भी सूचना दिया जाना संभव नहीं होगा।



