कानपुर देहात: छत पर लगाएं सोलर पैनल और पाएं मुफ्त बिजली, पीएम सूर्य घर योजना कैंप में ग्रामीणों को मिले प्रमाण पत्र
सरवनखेड़ा में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में लगी कार्यशाला, बिजली बिल शून्य करने और सब्सिडी की दी गई जानकारी
कानपुर देहात। ब्लॉक सरवनखेड़ा परिसर में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आम नागरिकों को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से लाभार्थी अपनी छतों पर ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम स्थापित कर बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी ला सकते हैं तथा कई मामलों में बिजली बिल को शून्य तक किया जा सकता है।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों, ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सब्सिडी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल से उत्पादित अतिरिक्त विद्युत को ग्रिड में भेजकर लाभार्थी अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यह योजना स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों, यूपीनेडा के प्रतिनिधियों , विधुत विभाग से सम्बंधित अधिकारी तथा पंचायत कर्मियों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाते हुए पात्र परिवारों के ऑनलाइन आवेदन समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया तथा योजना से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। इसके पश्चात मुख्य विकास अधिकारी ने योजना से लाभान्वित हुए ग्रामीण वासियों (जय गोपाल सिंह निवासी-शाहजहांपुर निनायां, राम मिलन सिंह निवासी-शाहजहांपुर निनायां) को अनुदान संबंधी प्रमाण पत्र भी वितरित किये गए । इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी (BDO) सरवनखेड़ा, यूपीनेडा के अधिकारी, बिजली विभाग एवं बैंक के प्रतिनिधि अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



