शिक्षाफ्रेश न्यूज

यूपीटीईटी 2026 का रिजल्ट घोषित: प्राथमिक में 80% तो उच्च प्राथमिक में 71.85% पास, नॉर्मलाइजेशन से बना परिणाम

यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी किया UPTET 2026 परिणाम, 13.30 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल।

प्रयागराज / कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) में सम्मिलित हुए लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने बुधवार, 26 अगस्त 2026 को यूपीटीईटी का परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख व डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि इस बार परीक्षा के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों में बनाए गए 955 केंद्रों पर 2, 3 और 4 जुलाई को कुल 5 पालियों में शुचिता व पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई थी।
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर शानदार रहा सफलता का प्रतिशत
  • प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5): परीक्षा में शामिल कुल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 80.07 प्रतिशत (5,71,435 अभ्यर्थी) सफल घोषित किए गए हैं। यानी परीक्षा देने वाले लगभग प्रत्येक 5 में से 4 अभ्यर्थियों ने बाजी मारी है।
  • उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8): परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 71.85 प्रतिशत (7,59,513 अभ्यर्थी) उत्तीर्ण हुए हैं।
दोनों स्तरों को मिलाकर कुल 13,30,948 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं।
कार्यरत शिक्षकों का भी रहा दबदबा
यूपीटीईटी 2026 में परिषदीय स्कूलों में पहले से कार्यरत शिक्षकों ने भी बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया था। प्राथमिक स्तर पर शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 (76.29%) पास हुए। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 शिक्षकों में से 1,13,384 (77.45%) शिक्षकों ने सफलता हासिल की है। रिजल्ट आते ही शिक्षक संगठनों और शिक्षामित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई।
नॉर्मलाइजेशन पद्धति से तैयार किया गया परिणाम
अभ्यर्थियों की भारी संख्या और 5 पालियों में आयोजित परीक्षा के दृष्टिगत प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर को संतुलित करने के लिए आयोग ने तय नियमों के तहत नॉर्मलाइजेशन (तुलनात्मक मूल्यांकन) प्रक्रिया अपनाई है। इसी वैज्ञानिक फार्मूले के आधार पर अंतिम मेरिट और स्कोर तय किए गए हैं।

Related Articles

AD
Back to top button