कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

रक्षाबंधन से पहले कानपुर में मिलावटी खोया सिंडिकेट पर बड़ा एक्शन: 700 किलो बदबूदार खोया व दूध नष्ट, टीम देख तस्कर फरार

घाटमपुर के परास गांव में स्किम्ड मिल्क पाउडर से बनाया जा रहा था खोया, 200 किलो खोया मौके पर कराया नष्ट।

 कानपुर नगर: रक्षाबंधन पर्व से पूर्व बाजारों में खपाने के लिए लाए जा रहे जहरीले और मिलावटी खोये के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को जनपद के दो अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए टीम ने करीब ₹2.47 लाख कीमत का 700 किलोग्राम सड़ा-गला खोया और 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क मौके पर नष्ट कराया।
घाटमपुर में स्किम्ड मिल्क पाउडर से बन रहा था खोया
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी और राज्य खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत पहली कार्रवाई घाटमपुर तहसील के ग्राम परास में की गई। यहां सत्येंद्र सिंह द्वारा स्किम्ड मिल्क पाउडर को घोलकर बेहद अस्वच्छ वातावरण में खोया तैयार किया जा रहा था। भंडारण स्थल पर कई दिन पुराना खोया खुले में पड़ा था, जिस पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। टीम ने तत्काल ₹64,000 कीमत का 200 किलो खोया और ₹8,250 कीमत का 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क नष्ट करवा दिया। साथ ही नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। कार्रवाई में क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश यादव, नरेंद्र शर्मा, कयामुद्दीन व किरण यादव शामिल रहे।
गोविंद नगर आउटर पर ट्रेन से उतरा 500 किलो बदबूदार खोया बरामद
दूसरी कार्रवाई गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में हुई। इटावा-कानपुर पैसेंजर ट्रेन से बोरियों में भरकर लाया गया करीब 500 किलो खोया सड़क किनारे बारिश के बीच लावारिस हालत में पड़ा मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को देखते ही खोया तस्कर मौके से भाग निकले। बोरियों से तीव्र दुर्गंध आ रही थी और वह उपभोग योग्य नहीं था। टीम ने करीब ₹1.75 लाख कीमत के इस 500 किलो खोये को गोविंद नगर कूड़ा निस्तारण स्थल पर ले जाकर गड्ढे में दबवाकर नष्ट कराया।

 

Related Articles

AD
Back to top button