कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
एसएनए-स्पर्श 2 लागू होने से पहले शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को मिलेगा अगस्त माह का मानदेय, बेसिक शिक्षा विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश
31 अगस्त 2026 से पहले सभी संविदा कर्मियों के खातों में मानदेय भेजने का आदेश, तकनीकी बदलाव के कारण लिया गया फैसला

लखनऊ/ कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत संविदा और प्रतिनियुक्ति कर्मियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि सभी संविदा कर्मियों के अगस्त माह के वेतन और मानदेय का भुगतान 31 अगस्त 2026 से पहले अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए।
तकनीकी बदलाव के चलते लिया गया निर्णय
राज्य में समग्र शिक्षा योजना को अब नई एसएनए स्पर्श 2 (SNA Sparsh 2) प्रणाली के जरिए संचालित किया जाना है। केंद्र सरकार से इसके लिए प्रारंभिक मंजूरी मिल चुकी है और राज्य सरकार की वित्तीय स्वीकृति के बाद पोर्टल पर मैपिंग का कार्य शुरू होगा। इस तकनीकी बदलाव के दौरान भुगतान प्रणाली कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शासन ने अग्रिम भुगतान सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए हैं।
इन सभी कर्मचारियों को समय पर मिलेगा भुगतान
जारी आदेश के तहत जनपद, ब्लॉक और जिला परियोजना कार्यालयों में कार्यरत विभिन्न संवर्गों को 31 अगस्त से पहले मानदेय उपलब्ध कराया जाएगा:
-
शिक्षामित्र एवं अंशकालिक अनुदेशक
-
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) शिक्षक एवं स्टाफ
-
विशेष शिक्षक (Special Educators)
-
ईसीसीई एजुकेटर (ECCE Educators)
-
राज्य व जिला परियोजना कार्यालय के समस्त संविदा कार्मिक
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: बीएसए
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कानपुर देहात आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि महानिदेशक कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्लॉक और जिला स्तर के सभी आहरण-वितरण अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि 31 अगस्त 2026 से पहले हर पात्र कर्मचारी के बैंक खाते में राशि हस्तांतरित हो जाए। निर्धारित समय-सीमा के भीतर भुगतान न होने की स्थिति में संबंधित पटल प्रभारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



