कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
शिक्षकों के बैंक खातों का डेटा जल्द हो अपलोड, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: वित्त एवं लेखाधिकारी हरिकेश बहादुर
कानपुर देहात के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा का लाभ, खंड शिक्षा अधिकारियों को एसबीआई खाते का विवरण भेजने के सख्त निर्देश

कानपुर देहात (राजेश कटियार)। उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच हुए समझौते के अनुपालन में अब कानपुर देहात के परिषदीय शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलने जा रहा है। इस संबंध में वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
वेतन खाता अपडेशन की प्रक्रिया तेज
मामले की जानकारी देते हुए वित्त एवं लेखाधिकारी हरिकेश बहादुर ने बताया कि शासन और महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश के आदेशों के क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत स्थाई तथा संविदा शिक्षकों व कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जानी है। इसके तहत भारतीय स्टेट बैंक में उनके खाते खुलवाए गए हैं। अब इन खातों का विवरण जुटाकर डेटा अपडेट करने की कार्यवाही तेजी से की जा रही है।
डीडीओ पोर्टल पर दर्ज होगा विवरण
वित्त एवं लेखाधिकारी हरिकेश बहादुर ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विकासखंडों से संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों के बैंक खातों का विवरण निर्धारित प्रारूप में संकलित कर मुख्य कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इससे वेतन खाता अपडेशन की सूचना डीडीओ पोर्टल पर समय रहते दर्ज की जा सकेगी। इसके बाद अंतिम रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय को प्रेषित की जाएगी।
ब्लॉक स्तर पर जमा करने होंगे आवश्यक दस्तावेज
इस प्रक्रिया को सुचारू और त्रुटिरहित बनाने के लिए संबंधित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अपने ब्लॉक कार्यालय में खंड शिक्षा अधिकारी की संस्तुति सहित आवेदन पत्र जमा करना होगा। इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक में खोले गए नए खाते का कैंसिल्ड चेक या पासबुक के प्रथम पृष्ठ की स्पष्ट छायाप्रति तथा वर्तमान सैलरी अकाउंट की पासबुक के प्रथम पृष्ठ की स्पष्ट छायाप्रति अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि न रहे और सभी को समय पर लाभ मिल सके।



