कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
संविलियन विद्यालय सिथरा बुजुर्ग में रक्षाबंधन पर राखी व मेंहदी प्रतियोगिता आयोजित, विजेताओं को मिले पुरस्कार
मलासा विकास खंड में बच्चों ने दिखाई रचनात्मक कला; शिक्षक अंकुर पुरवार बोले- रक्षाबंधन परिवार, समाज व राष्ट्र रक्षा के संकल्प का पर्व

मलासा/कानपुर देहात। मलासा विकास खंड के संविलियन विद्यालय सिथरा बुजुर्ग में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में राखी एवं मेंहदी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजित राखी प्रतियोगिता में अनुष्का ने प्रथम, नैना ने द्वितीय और नेहा ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं मेंहदी प्रतियोगिता में रेनो कुमारी प्रथम, खुशबू द्वितीय और श्यामा तृतीय स्थान पर रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता प्रतिभागियों को बॉक्स, प्लास्टिक कलर और वैक्स कलर देकर पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर शिक्षक अंकुर पुरवार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन भारत का एक प्रमुख और पवित्र त्योहार है, जो भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अटूट स्नेह का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक धागे का बंधन नहीं, बल्कि अपने परिवार, परिवेश, समाज और राष्ट्र की रक्षा के संकल्प का पर्व है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार पाण्डेय, विकास बाबू कटियार, अंकुर पुरवार, आकांक्षा गौतम और निकिता मिश्रा सहित विद्यालय स्टाफ व छात्र उपस्थित रहे।



