कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात के नौ थानों में ई-मालखाना द्वितीय फेज का हुआ उद्घाटन
डिजिटल व्यवस्था से जुड़ा 4477 माल मुकदमाती, क्यूआर कोड प्रणाली से होगी त्वरित निगरानी

अकबरपुर, अमन यात्रा लाइव : Kanpur Dehat में पुलिस कार्यप्रणाली को तकनीकी रूप से सुदृढ़, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को नौ थानों में ‘ई-मालखाना द्वितीय फेज’ का औपचारिक उद्घाटन संपन्न हुआ। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा वर्चुअल माध्यम से इसका शुभारंभ किया गया, जबकि पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की मौजूदगी में यह डिजिटल व्यवस्था लागू की गई। प्रथम चरण में जिले के सात थानों में यह व्यवस्था पहले से प्रभावी थी, जिसके बाद अब शेष नौ थानों अमराहट, गजनेर, बरौर, भोगनीपुर, रसूलाबाद, राजपुर, सट्टी, सिकन्दरा एवं रनियाँ में भी दृष्टि (DRISHTI) सॉफ्टवेयर प्रणाली को पूर्ण रूप से संचालित कर दिया गया है।
द्वितीय चरण के अंतर्गत इन नौ थानों में कुल 4,477 मालों का पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया है, जिसमें 3,756 माल मुकदमाती, 19 कुर्की संपत्ति, 14 जामा तलाशी, 50 लावारिस वस्तुएं और 638 अन्य श्रेणी की मदें शामिल हैं। थाने के मालखानों को आधुनिक रैक वर्गीकरण के साथ वर्षवार और श्रेणीवार संरचित किया गया है, जहां नकदी, आभूषण, शस्त्र, मादक पदार्थ और महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों को सुरक्षित रखने के विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक माल पर क्यूआर कोड बारकोडिंग लगाई गई है, जिससे कंप्यूटर स्क्रीन पर अपराध संख्या या केस दर्ज करते ही संबंधित साक्ष्य की सटीक लोकेशन, विवेचक का नाम और जब्ती का विवरण एक क्लिक पर उपलब्ध हो जाएगा।
यह डिजिटल सुधार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत साक्ष्यों के संकलन, रखरखाव और न्यायालय में समयबद्ध प्रस्तुतीकरण को त्रुटिहीन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि मुकदमों में जब्त सामग्री की सुरक्षा और विधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि माल मुकदमाती के रख-रखाव में किसी भी स्तर पर हेराफेरी या साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ का प्रयास पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के लोक अभिलेखों की सुरक्षा व साक्ष्य नष्ट करने संबंधी कड़े विधिक प्राविधानों के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



