शिक्षाउत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: परिषदीय स्कूलों में गूंजेगी मेरे सपनों का भारत की गूंज, सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता शुरू

स्कूली बच्चों के भीतर देशभक्ति और कलात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए एक बड़ी पहल की गई है।

राजेश कटियार,कानपुर देहात। स्कूली बच्चों के भीतर देशभक्ति और कलात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। जिले के सभी परिषदीय स्कूलों में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन शुरू हो चुका है।

यह प्रतियोगिता 18 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक विद्यालय स्तर पर आयोजित की जा रही है जिसका मुख्य उद्देश्य छात्रों में राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वच्छता और एक विकसित भारत की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस अभियान के तहत स्कूल स्तर से लेकर जिला स्तर तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्रों को चिन्हित कर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा।

प्रशासन ने इस पूरी प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए एक विस्तृत रूपरेखा तैयार की है। 18 से 21 सितंबर तक चलने वाली विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता के बाद 22 सितंबर 2026 को विकासखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थियों के चित्रों की एक भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके बाद ब्लॉक स्तर से चुने गए सर्वश्रेष्ठ नन्हे कलाकारों की सूची जिला मुख्यालय भेजी जाएगी जहाँ जनपद स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन कर बच्चों को अपनी कला को बड़े मंच पर दिखाने का मौका दिया जाएगा।

इस प्रतियोगिता में विशेष रूप से कक्षा 5 से लेकर कक्षा 8 तक के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शामिल करने पर जोर दिया गया है जिसके लिए स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को देश के विकास में उनकी भूमिका के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इस पूरे भव्य आयोजन को पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित समीक्षा करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

प्रतियोगिता को संपन्न कराने में होने वाला वित्तीय खर्च समग्र शिक्षा के अंतर्गत मिलने वाली कंपोजिट ग्रांट, इको क्लब और कम्युनिटी फंड की जारी मदों से वहन किया जाएगा। इसके साथ ही भविष्य के रिकॉर्ड के लिए प्रतियोगिता से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों के फोटोग्राफ और आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखने के भी आदेश दिए गए हैं ताकि इस रचनात्मक अभियान की सफलता को दर्ज किया जा सके।

Related Articles

AD
Back to top button