कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
इग्नू ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया ऑनलाइन परिचय सत्र, दी गई जरूरी जानकारियां
पुखरायां के रामस्वरूप ग्राम उद्योग महाविद्यालय में गूगल मीट के जरिए हुआ कार्यक्रम; जुलाई 2026 सत्र के छात्रों को असाइनमेंट, परीक्षा और ऑनलाइन सुविधाओं के बारे में किया गया जागरूक।

पुखरायां (कानपुर देहात): कस्बा स्थित रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय में संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए गूगल मीट के माध्यम से एक परिचय सत्र (Induction Session) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इग्नू की अध्ययन प्रणाली, असाइनमेंट, परीक्षा प्रक्रिया और विभिन्न ऑनलाइन सुविधाओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने दूरस्थ शिक्षा व्यवस्था और शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी। डॉ. अनामिका सिन्हा ने इग्नू की वेबसाइट के उपयोग और काउंसलिंग सेशन पर प्रकाश डाला। वहीं, डॉ. रीना कुमारी ने असाइनमेंट जमा करने और परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से 30 सितंबर 2026 तक ₹200 प्रति कोर्स शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. जयप्रकाश वर्मा ने छात्रों के लिए उपलब्ध सहायता तंत्र जैसे- स्वयं प्रभा, ज्ञान दर्शन, ज्ञान धारा, ज्ञानवाणी और ई-ज्ञानकोष के साथ इनोवेशन व स्टार्टअप पर विस्तार से चर्चा की। प्रो. विवेक सिंह, डॉ. नवीन सम्मोल और प्रो. नवीन मिश्रा ने अध्ययन केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए छात्रों से ऑनलाइन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. पर्वत सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सहायक कुल सचिव डॉ. निशीथ नागर सहित विभिन्न अध्ययन केंद्रों के समन्वयक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।



