कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

बीएसए का 3 स्कूलों में औचक छापा: गंदगी, जलभराव और डीबीटी में लापरवाही पर भड़के, जिम्मेदारों को दी सख्त चेतावनी

अकबरपुर ब्लॉक के मिलकिनपुरवा, आलमचन्द्रपुर और माती किशनपुर में जांच, निर्माण कार्य 10 अक्टूबर तक पूरा करने का अल्टीमेटम

कानपुर देहात। परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए kanpur dehat bsa आशीष कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को विकासखंड अकबरपुर के तीन विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी विद्यालयों में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर स्टाफ की उपस्थिति तो पूरी मिली, लेकिन परिसरों में गंदगी, जलभराव और शासन की प्राथमिकता वाली डीबीटी योजना में घोर लापरवाही सामने आई। इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए बीएसए ने संबंधित प्रधानाध्यापकों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के कड़े निर्देश जारी किए।

मिलकिनपुरवा में डीबीटी और मिड-डे-मील पर नाराजगी

निरीक्षण की शुरुआत सुबह करीब 11:05 बजे प्राथमिक विद्यालय मिलकिनपुरवा (यूडाइस कोड 09330108901) से हुई। यहां पूरा स्टाफ मौजूद मिला, लेकिन डीबीटी योजना की प्रगति बेहद खराब पाई गई। पिछले सत्र 2024-25 में 30 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष 26 को लाभ मिला था, जबकि चालू सत्र 2025-26 में 33 बच्चों के सापेक्ष मात्र 25 को ही लाभ दिया जा सका। बीएसए ने नामांकित सभी बच्चों को तुरंत डीबीटी से आच्छादित करने, कंपोजिट ग्रांट से विद्यालय की रंगाई-पुताई कराने और मेन्यू के मुताबिक गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

आलमचन्द्रपुर में गंदगी मिलने पर प्रधानाध्यापक को फटकार

इसके बाद 11:40 बजे बीएसए कंपोजिट विद्यालय आलमचन्द्रपुर (यूडाइस कोड 09330103504) पहुंचे। यहां सभी 8 शिक्षक ड्यूटी पर मिले, लेकिन परिसर में भीषण गंदगी पसरी हुई थी। इस स्कूल में भी कुल 222 पंजीकृत छात्रों में से केवल 181 को ही अब तक डीबीटी का लाभ मिल सका था। बीएसए ने परिसर में फैली गंदगी देखकर प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई और कंपोजिट ग्रांट का नियमानुसार उपयोग कर स्वच्छता सुनिश्चित करने के आदेश दिए। साथ ही निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को दूध और फल का वितरण कराने को कहा।

माती किशनपुर में जलभराव पर सख्त रुख, 10 अक्टूबर तक निर्माण पूरा करने का निर्देश

दोपहर 12 बजे बीएसए कंपोजिट विद्यालय माती किशनपुर (यूडाइस कोड 09330114002) पहुंचे। यहां परिसर में भारी जलभराव मिला, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ था। इसके अलावा अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय के तहत सीएनडीएस द्वारा कराया जा रहा निर्माण कार्य भी बेहद धीमा पाया गया। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को तत्काल जल निकासी कराने के निर्देश दिए। वहीं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि को सख्त चेतावनी दी कि 10 अक्टूबर 2026 तक समस्त निर्माण कार्य पूरे कर क्लोजर इन्वेंट्री कार्यालय में जमा करें। kanpur dehat bsa ने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी जिम्मेदार को बख्शा नहीं जाएगा।


ये भी पढे-  BSA ऑफिस के बाबू ने चयन वेतनमान लगाने की एवज में शिक्षिका से मांगी ₹3000 की रिश्वत, पढ़े पूरी न्यूज


Related Articles

AD
Back to top button