सरवनखेड़ा में दिव्यांग बच्चों की समावेशी शिक्षा के लिए पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण शुरू, 94 शिक्षकों की सहभागिता
बीआरसी सरवनखेड़ा में 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलेगा विशेष प्रशिक्षण; बीएसए व बीईओ के निर्देशानुसार शिक्षकों को दी जाएगी समावेशी शिक्षण की बारीकियां।

राजेश कटियार,कानपुर देहात। दिव्यांग बच्चों की समावेशी शिक्षा को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और सुगम बनाने के उद्देश्य से समेकित शिक्षा योजना के अंतर्गत विकासखंड सरवनखेड़ा में सहायक अध्यापकों के लिए पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय के निर्देशों तथा खंड शिक्षा अधिकारी सरवनखेड़ा शुचि गुप्ता के आदेशानुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सामान्य कक्षाओं में दिव्यांग विद्यार्थियों की सीखने की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है।
बीआरसी सरवनखेड़ा में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होने वाले इस प्रशिक्षण के लिए विकासखंड के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों से कुल 94 चयनित सहायक अध्यापकों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को समावेशी शिक्षण पद्धतियों, कक्षा प्रबंधन और दिव्यांग बच्चों के साथ व्यवहारिक संवाद को लेकर आवश्यक जानकारी दी जाएगी ताकि विद्यालय स्तर पर बच्चों को बेहतर सहयोग मिल सके। कार्यक्रम को सकुशल, सुचारू और समयबद्ध रूप से संपन्न कराने की जिम्मेदारी विशेष शिक्षक सरला वर्मा, अभिषेक शुक्ला एवं सुनैना वर्मा को सौंपी गई है।
वहीं प्रशिक्षण के दौरान वित्तीय व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव और आवश्यक संसाधनों के सुचारू संचालन का दायित्व सहायक लेखाकार मनोज कुमार संभाल रहे हैं। शिक्षा विभाग के इस प्रयास से क्षेत्र के दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी।



