आगराउत्तरप्रदेशउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

आगरा: टक्कर के बाद डिवाइडर से टकराई बाइक, एमबीबीएस के दो छात्रों की माैत

थाना हरीपर्वत क्षेत्र में हाईवे पर आईएसबीटी के सामने रविवार शाम को हुए हादसे में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र कमला नगर के विमल वाटिका निवासी सिद्ध अग्रवाल और हरदोई निवासी तनिष्क गर्ग की माैत हो गई।

सुशील त्रिवेदी,आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में हाईवे पर आईएसबीटी के सामने रविवार शाम को हुए हादसे में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र कमला नगर के विमल वाटिका निवासी सिद्ध अग्रवाल और हरदोई निवासी तनिष्क गर्ग की माैत हो गई। दोनों बाइक से खंदारी से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, फ्लाईओवर से उतरते ही सर्विस रोड के कट पर किसी वाहन की टक्कर के बाद छात्रों की बाइक सर्विस रोड और हाईवे के बीच में बने डिवाइडर से टकरा गई। छात्र सड़क पर गिरे और सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। एसएन मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई।

घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि सिद्ध और तनिष्क एसएन मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने वर्ष 2022 में प्रवेश लिया था। परिजन से पूछताछ में पता चला कि शाम करीब 4 बजे सिद्ध घर से स्कूटर लेकर निकला था। वह तनिष्क के पास पहुंचा। वहां से तनिष्क अपनी बाइक से सिद्ध के साथ अपनी बाइक से निकला।

वे खंदारी प्लाईओवर से आईएसबीटी की तरफ आ रहे थे। प्लाईओवर से नीचे उतरने के बाद ही हादसा हुआ। आईएसबीटी की तरफ लेमन ट्री होटल के सामने उनकी बाइक को किसी वाहन की टक्कर लगी और हाईवे और सर्विस रोड के बीच में बने डिवाइडर से टकरा गई। उनके सिर डिवाइडर में टकरा गए। इससे वह गंभीर घायल हो गए।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए। बाद में किसी ने पुलिस को सूचना दी। तकरीबन 6 बजे पुलिस पहुंची। वहीं छात्रों के परिजन और सहपाठी भी आ गए। वह उन्हें सिकंदरा चाैराहा स्थित अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया मगर वहां से भी दोनों को रेफर कर दिया गया।
बाद में पुलिस उन्हें एसएन मेडिकल काॅलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंची, जहां उनकी माैत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र और जूनियर डाॅक्टर भी इकट्ठा हो गए। सभी में शोक की लहर दाैड़ गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

डीसीपी सिटी ने बताया कि हादसा किसी दूसरी बाइक से ही होने की आशंका है। किसी बड़े वाहन से हादसा होता तो बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त होती लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बाइक डिवाइडर से टकराई। दोनों छात्र के सिर सड़क पर लग गए। इससे उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर एक ही हेलमेट मिला है। वह भी सामान्य हेलमेट है। टक्कर की वजह से हेलमेट में ऊपर की तरफ छेद हो गया। संभवत: यह हेलमेट बाइक चलाने वाले छात्र तनिष्क ने ही पहन रखा होगा। वहीं दूसरे छात्र के हेलमेट पहने होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अभी जांच कर रही है। आसपास लगे कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।

also read- कानपुर देहात: विधायक खेल स्पर्धा का भव्य आयोजन, मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने युवाओं को दिया नशामुक्त जीवन का संकल्प

Related Articles

AD
Back to top button