कानपुर देहात: धर्मगढ़ मेला कमेटी ने एसपी को कांवड़ मेला सकुशल सम्पन्न कराने पर दी बधाई
थाना स्तर पर बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान हेतु नियमित बैठकों की मांग; कुशल सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन की हुई सराहना

कानपुर देहात। जनपद में श्री धर्मगढ़ बाबा सत्संग मंडल रसूलाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने रक्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय से मुलाकात कर शांतिपूर्ण व सकुशल मेला संपन्न कराने के लिए उनका व थाना रसूलाबाद पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कमेटी ने एसपी से थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों को सूचीबद्ध करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समय समय पर बैठक आयोजित करने की मांग की।संगठन के अध्यक्ष बउअन चौरसिया ने कहा कि एस पी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के कुशल निर्देशन व कोतवाल रसूलाबाद शिवनारायन सिंह के नेतृत्व में मेला सकुशल सम्पन्न हुआ।इसके लिए एस पी और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है।
उन्होंने कहा कि मेला कमेटी पुलिस प्रशासन से उम्मीद करती है कि कानपुर देहात की जनता को इसी तरह भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण मिलता रहे।इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष प्रहलाद बाबू गुप्ता,महेंद्र यादव, कांवर मेला के अरौल रूट प्रभारी मुरारी लाल कुशवाहा,मेला एवं मीडिया प्रभारी संजय मिश्रा,प्रवक्ता पुनीत सिंह गौर समेत कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।



