कानपुर देहात: शैक्षणिक भ्रमण पर जाएंगे परिषदीय स्कूलों के बच्चे, 27 अगस्त तक मांगी गई रिपोर्ट
जनपद के 200 छात्र देखेंगे ऐतिहासिक स्मारक, सुरक्षा के लिए हर 20 बच्चों पर तैनात होगा एक शिक्षक

राजेश कटियार,कानपुर देहात। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना, देश के समृद्ध इतिहास व संस्कृति की समझ विकसित करना और उनमें देशभक्ति की भावना जाग्रत करना है।
इस यात्रा के लिए जनपद से अधिकतम 200 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा जिसमें बालिकाओं, वंचित वर्गों और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक 20 बच्चों पर एक शिक्षक या शिक्षिका की ड्यूटी अनिवार्य रूप से लगाई जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड से 20-20 बच्चों का चयन करके, उनका पूरा विवरण और प्रभारी शिक्षकों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में 27 अगस्त 2026 की शाम 5 बजे तक बीएसए कार्यालय में हार्ड और सॉफ्ट कॉपी में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी जबकि भ्रमण की तारीख, समय, स्थान और वाहन आदि की विस्तृत सूचना बाद में अलग से जारी की जाएगी।



