प्रेमा कटियार शिक्षण संस्थान में एफएलएम शिक्षण प्रशिक्षण का शुभारंभ, महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा
प्रशिक्षण का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सपना सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

पुखरायां। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के मलासा विकासखंड अंतर्गत प्रेमा कटियार शिक्षण संस्थान हांसेमऊ में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय तथा खंड शिक्षा अधिकारी सपना सिंह के निर्देशानुसार मंगलवार को एफएलएम शिक्षण प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सपना सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस बुनियादी भाषा एवं संख्या ज्ञान तथा एनसीआरटी पाठ्य पुस्तकों पर आधारित शिक्षण प्रशिक्षण में खंड शिक्षा अधिकारी सपना सिंह ने साप्ताहिक शिक्षण चक्र एवं टीएलएम के उपयोग से कक्षा में बच्चों की सक्रिय सहभागिता एवं सीखने की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।साथ ही उन्होंने इस वर्ष की अकादमिक रणनीति में पाठयपुस्तकों, कार्यपुस्तकाओं,संदर्शिका एवं अन्य शिक्षण अधिगम सामग्रियों का अनुकलतम उपयोग शिक्षण प्रक्रियाओं में ठीक ढंग से करने पर जोर दिया।
एआरपी अश्वनी कटियार ने निपुण प्रदेश,उत्तर प्रदेश के बनने में भाषा एवं गणित की अलग अलग दक्षताओं पर कक्षा कक्ष में प्रभावी शिक्षण,कक्षा में आकलन,कैच अप शिक्षण तथा विषय वस्तु को रोचक बनाने के लिए ग्राफिक्स, चित्रों,पीपीटी,वीडियो,समूह चर्चा,रोलप्ले,खेल गतिविधि इत्यादि महत्वपूर्ण विधियों पर सामूहिक चर्चा कर उनको शिक्षण में सम्मिलित करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों की प्राप्ति एवं विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। आलोक श्रीवास्तव ने हिंदी,गणित और अंग्रेजी की नवीन पाठ्यपुस्तको को समग्रता में समझते हुए विभिन्न अकादमिक रणनीतियों पर शिक्षकों के साथ चर्चा की।
वहीं एआरपी कुलदीप सिंह ने भी विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।इस मौके पर एआरपी योगेंद्र त्रिवेदी एवं वीरेंद्र विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।



