कानपुर देहात: देवीपुर सीएचसी में आठ नवजात कन्याओं का केक काटकर मनाया गया जन्मोत्सव, माताओं को किया गया सम्मानित
नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए बेबी किट सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गई।

पुखरायां। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को देवीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कन्या जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।इस अवसर पर आठ नवजात कन्याओं का एक साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ विकास कुमार ने नवजात कन्याओं की माताओं को उपहार देकर सम्मानित किया।
उन्हें नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए बेबी किट सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गई। योगी सरकार द्वारा महिला व बच्चों की सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बाल विवाह प्रतिषेध,महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न,दहेज तथा घरेलू हिंसा अधिनियम जैसे कानूनों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
डॉक्टर विकास ने माताओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इस जन्मोत्सव का मुख्य उद्देश्य बेटियों को समाज में समान दर्जा दिलाना,उन्हें शिक्षित करना और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।उन्होंने सभी से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।



