उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों और बाल वाटिकाओं में 28 नवंबर को होगा बाल मेला का भव्य आयोजन

'हमारा आंगन हमारे बच्चे' उत्सव के तहत 3 से 6 वर्ष के बच्चों व अभिभावकों के लिए होंगी रोचक प्रतियोगिताएं, प्रतिभागियों को मिलेंगे उपहार

राजेश कटियार,कानपुर देहात। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत बच्चों के सर्वांगीण विकास और शैक्षिक प्रक्रिया में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद सहित प्रदेश के को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्र युक्त विद्यालयों में आगामी 28 नवंबर 2026 को बाल मेला कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 3 से 6 वर्ष के नन्हे बच्चों को अपनी रचनात्मकता, कला, संस्कृति और सृजनात्मकता प्रदर्शित करने का एक बड़ा मंच मिलेगा। बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस बाल मेले का संचालन संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, नोडल शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ती और ईसीसीई एजुकेटर द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।

मेले में बच्चों के लिए दौड़, चित्रकला, कहानी सुनाना और पहेली जैसे रोचक खेलों के साथ-साथ अभिभावकों के लिए भी म्यूजिकल चेयर, रस्सा कशी और चम्मच दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त बच्चे अभिभावकों के सम्मुख सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी देंगे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए पेंसिल बॉक्स, क्रेयॉन्स और ड्राइंग कॉपी जैसे उपहार वितरित किए जाएंगे जिससे अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति के प्रति प्रेरित किया जा सके।

Related Articles

AD
Back to top button