कानपुर देहात: परिषदीय विद्यालयों के 11 रजिस्टर्स का होगा डिजिटलाइजेशन, 3 दिनों में काम पूरा करने के निर्देश
एआरपी और एसआरजी को प्रतिदिन 2 स्कूलों का दौरा कर अपनी देखरेख में काम कराने के निर्देश।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पारदर्शिता और तकनीक को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कानपुर देहात द्वारा जारी पत्र के अनुसार जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में उपयोग किए जाने वाले 11 महत्वपूर्ण रजिस्टरों (पंजिकाओं) का पूरी तरह से डिजिटलाइजेशन किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल रजिस्टर्स मॉड्यूल के माध्यम से संचालित की जाएगी जिसे राज्य सरकार के प्रेरणा पोर्टल पर विकसित किया गया है।
विभाग ने इस कार्य को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को आगामी 3 कार्यदिवसों के भीतर टैबलेट के माध्यम से डिजिटलाइजेशन का काम अनिवार्य रूप से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। प्रवेश पंजिका, कक्षावार छात्र उपस्थिति पंजिका, समेकित निःशुल्क सामग्री वितरण पंजिका, स्टॉक पंजिका, एमडीएम पंजिका, आय-व्यय एवं चेक इश्यू पंजिका, बैठक पंजिका, पत्र व्यवहार पंजिका, बाल गणना पंजिका, निरीक्षण पंजिका, पुस्तकालय एवं खेलकूद पंजिका समेत कुल 11 पंजीकाओं का डिजिटलाइजेशन करना होगा।
अधिकारियों को रोजाना 2 स्कूलों का करना होगा दौरा
काम को समय पर और बिना किसी त्रुटि के पूरा कराने के लिए जिला समन्वयक विनय विश्वकर्मा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक सभी एआरपी और एसआरजी को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक कार्यदिवस में अनिवार्य रूप से 2 विद्यालयों में स्वयं उपस्थित रहकर अपनी देखरेख में इन पंजिकाओं को डिजिटल कराना सुनिश्चित करेंगे। आदेश का कड़ाई से अनुपालन न करने पर संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई है।



