कानपुर देहात: दहेज उत्पीड़न का आरोप, गर्भवती महिला ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दर्ज कराया मुकदमा
अतिरिक्त दहेज न मिलने पर मारपीट कर निकाला बाहर, गर्भ में पल रहे बच्चे को भी दी धमकी

डेरापुर। दहेज की मांग को लेकर कथित उत्पीड़न से परेशान एक गर्भवती महिला ने अपने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया और गर्भ में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।
थाना रसूलाबाद क्षेत्र के ग्राम सिसाई निवासी पिंकी देवी पत्नी संजय राठौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 11 मई 2023 को संजय राठौर पुत्र रामचंद्र निवासी सिसाई के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद से ही पति संजय, ससुर रामचंद्र, सास उर्मिला, जेठ अनिल और जेठानी आरती कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे तथा अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर आरोपितों ने उसके साथ कई बार मारपीट की और घर से निकाल दिया। उसने बताया कि पहले भी थाने में शिकायत की थी, जिसके बाद समझौते के आधार पर वह दोबारा ससुराल गई, लेकिन ससुरालीजन अपनी दहेज की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद फिर उसके साथ मारपीट कर घर से भगा दिया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित गर्भ में पल रहे बच्चे को गिराने की धमकी दे रहे हैं। तहरीर में उसने उल्लेख किया है कि इससे पहले भी उसका एक बच्चा खत्म हो चुका है।
पीड़िता ने पुलिस से पति समेत सभी नामजद आरोपितों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न और मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: पति के हत्यारे को मिली आजीवन कारावास की सजा, कोर्ट ने लगाया 27 हजार रुपये का जुर्माना



