कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, पढ़े पूरी खबर

जवाबी फायरिंग में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, दोनों अभियुक्त गिरफ्तार

गजनेर, अमन यात्रा लाइव: Kanpur Dehat के गजनेर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दो फरार आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार तड़के मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करने पहुंची पुलिस टीम पर अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में कठेठी गांव निवासी आरोपी अनिल सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी कालका प्रसाद को पुलिस बल ने मौके पर ही दबोच लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
घटना के अनुसार पीड़िता की मां ने 9 सितंबर को गजनेर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही दोनों नामजद आरोपियों ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले में अभियोग दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू किया था। गुरुवार सुबह दोनों अभियुक्त गांव छोड़कर भागने की फिराक में थे, तभी थानाध्यक्ष सनत कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ललित कुमार और हमराहियों ने उन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने अवैध तमंचे से पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस की गोली से एक आरोपी घायल हो गया। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है।

ये भी वीडियो देखे-


पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से अभियुक्तों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 660 रुपये नकद बरामद किए हैं। क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की विधिक प्रक्रियाओं के तहत आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में दर्ज धारा 70(2), धारा 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) व 5G/6 पॉक्सो एक्ट के अतिरिक्त पुलिस टीम पर जानलेवा हमले के मामले में धारा 109 BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।

Related Articles

AD
Back to top button