कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का आगाज, 7 ब्लॉकों की 15.37 लाख आबादी को दवा खिलाने का लक्ष्य

सीएचसी अकबरपुर में प्रभारी डीएम विधान जायसवाल और एडीएम अंकित शुक्ला ने फीता काटकर किया शुभारंभ।

Story Highlights
  • अकबरपुर, अमरौधा, मलासा, डेरापुर, राजपुर, रसूलाबाद व झींझक ब्लॉक में चलेगा अभियान।
  • घर-घर जागरूकता फैलाने, भ्रांतियां दूर करने और शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित कराने के निर्देश।
कानपुर देहात: जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने और इस गंभीर बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अकबरपुर से फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी जिलाधिकारी विधान जायसवाल तथा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंकित शुक्ला ने फीता काटकर अभियान की शुरुआत की।
शुभारंभ के अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी विधान जायसवाल ने कहा कि फाइलेरिया (हाथीपांव) एक गंभीर बीमारी है, जो संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलती है। इससे बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही फाइलेरिया रोधी दवाओं का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सेवन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान पात्र लाभार्थियों तक दवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए। साथ ही घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाए और दवा सेवन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया जाए।
अधिकारियों ने स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं और संबंधित कार्मिकों को फाइलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव व उपचार की जानकारी आमजन को देने तथा दवा वितरण की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इन 7 ब्लॉकों में चलेगा अभियान जनपद के 07 विकासखंडों—अकबरपुर, अमरौधा, मलासा, डेरापुर, राजपुर, रसूलाबाद और झींझक में यह अभियान संचालित किया जाएगा। इसके तहत कुल 15,37,858 की आबादी को आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण, टीमों का गठन, क्षेत्रवार निगरानी और नियमित समीक्षा की जा रही है।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें, पात्र होने पर फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अवश्य करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि फाइलेरिया से होने वाली दिव्यांगता को रोका जा सके।

Related Articles

AD
Back to top button