कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: इंटर कॉलेज में चोरी का बड़ा खुलासा: गजनेर पुलिस ने 4 शातिर चोरों को दबोचा, ऑटो और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद

शौक पूरा करने के लिए स्कूलों को बनाते थे निशाना, गैस खत्म होने से बीच रास्ते में पकड़े गए आरोपी

कानपुर देहात: जनपद के थाना गजनेर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कीरतपुर स्थित इंटर कॉलेज में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर सरवनखेड़ा-रनियां मार्ग स्थित ग्राम पामा के पास से 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।

विगत 17 अगस्त को राहुल शुक्ल मेमोरियल इंटर कॉलेज ग्राम कीरतपुर के प्रधानाचार्य रामनरेश यादव ने स्कूल में चोरी की तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पकड़े गए अभियुक्तों में विमल कुमार निवासी चिराना, संतोष पासी उर्फ प्रधान निवासी बसोंदी, मुनीष निवासी बसेही और गोलू शर्मा निवासी मानसिंह का पुरवा शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चारों आपस में दोस्त हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए बंद पड़े स्कूलों व सूने मकानों को निशाना बनाते थे। उन्होंने कीरतपुर स्कूल से चोरी की गई दो बैटरियों को कबाड़ी को बेच दिया था और बचा हुआ सामान ऑटो में लादकर बेचने जा रहे थे। रास्ते में ऑटो की सीएनजी गैस खत्म होने के कारण वे रुक गए और पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पुलिस ने उनके पास से चोरी की 1 एलईडी टीवी, सीपी प्लस डीवीआर, टीएफटी, इन्वर्टर, 3200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।

इस सराहनीय खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उमेश प्रताप सिंह, कांस्टेबल जयकुमार, कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल रामसिंह, कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल अनूप कुमार और चालक कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे। सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: ड्यूटी से डेढ़ साल तक गायब रहे सफाई कर्मी पर गिरी गाज, डीपीआरओ ने दिया तीन दिन में बर्खास्तगी का अल्टीमेटम


Related Articles

AD
Back to top button