कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: बंद दाल मिल में गार्ड का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर हंगामा

रनियां इंडस्ट्रियल एरिया में गार्ड की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने काटा बवाल, पूर्व सांसद की मौजूदगी में 6.5 लाख के मुआवजे पर बनी सहमति।

रनियां, कानपुर देहात। रनियां इंडस्ट्रियल एरिया के शेरपुर रनियां मार्ग पर एक बंद पड़ी दाल मिल में सोमवार को एक गार्ड का शव पड़ा मिला। सोमवार को फैक्ट्री पहुंचे मैनेजर ने फैक्ट्री का गेट अंदर से बंद देखा तो गार्ड को फोन किया लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था। इसके बाद वो चिराना गांव गार्ड के घर पहुंचा और बात बताई।

इसके बाद परिजन फैक्ट्री पहुंचे और बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर दाखिल हुए तो गार्ड मृत अवस्था में पडा़ हुआ था। इसके बाद परिजनों ने मुआवजे को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। इधर सूचना पर पहुंचे पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने मालिकानो से वार्ता करते हुए साढ़े छह लाख रुपए का मुआवजा दिलाया। पुलिस ने देर शाम शव को पीएम के लिए भिजवाया।

रनियां नगर पंचायत के चिराना गांव निवासी कमलेश अवस्थी उम्र करीब पैंसठ साल करीब एक माह से शेरपुर तरौंदा मार्ग पर स्थित एक बंद पड़ी दाल मिल में गार्ड की नौकरी करते थे। रक्षाबंधन के पर्व पर मैनेजर सुनील गुप्ता अपने घर चला गया था। सोमवार को वापस आने के बाद गार्ड को कई बार फोन किया। फोन न उठने के बाद मैनेजर परिजन के घर चिराना गया। वहां पर गार्ड कलमेश अवस्थी के बारे जानकारी ली। इसके बाद मैनेजर और परिजन घर से दाल मिल पर पहुंचकर दीवार फांदकर परिसर में पहुंचे।

फिर, देखा तो कलमेश अवस्थी का शव पड़ा मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मृतक के सिर पर चोट लगने से काफी खून बह गया था और शव के पास एक लोहे का राड मिलने से परिजनों ने हत्या की आंशका जताई है।

सूचना पर थानाध्यक्ष रनियां सौरभ सिंह मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। जानकारी पर एसडीएम सदर राजकुमार पाण्डे, सीओ सदर संजय सिंह और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की।

इधर सूचना पर पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी मौके पर पहुंचे और दुःखी घरवालों को ढाढ़स बधाया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा मुआवजे पर अपनी सहमति जताई इसके बाद लिखा-पढ़ी के बाद पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया।

घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि फौती सूचना पर शव को पीएम के लिए भिजवाया गया है। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मृतक आश्रितों को साढ़े छह लाख रुपए की सहायता राशि देने की बात कही गई है। पीएम रिपोर्ट के बाद सही तथ्य सामने आएंगे।

Related Articles

AD
Back to top button