कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: रनियां को मिली 9 करोड़ की सौगात, 8 बीघा में बनेगा हाईटेक थाना

एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने किया भूमिपूजन , जून 2027 तक बनकर तैयार होगा आधुनिक सुविधाओं वाला पुलिस स्टेशन

रनियां। रनियां में बनने वाले थाने का सोमवार को एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने भूमिपूजन व शिलान्यास किया। करीब साढ़े 9 करोड़ 34 लाख रुपए की लागत से 19 जून 2027 तक निर्माण कार्य पूरा होना है। कार्यदाई संस्था यूपी प्रोजेक्टस लिमिटेड इकाई द्वारा किया जा रहा है। थाने का नया भवन बनने से यहां पर तैनात पुलिसकर्मियों को एक बेहतर वातावरण मिल सकेगा।

रनियां नगर पंचायत के किशरवल रोड ( रनियां – मैथा ) मार्ग पर स्थित कल्याण मंडप के बगल में नया थाना बनाए जाने का प्रस्ताव विभाग द्वारा भेजा गया था। यहां पर करीब आठ बीघा सरकारी भूमि पर ये थाना बनकर तैयार होगा। इसके लिए शासन की मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। हालांकि कार्यदाई संस्था ने जिस फर्म को इसके निर्माण का जिम्मा सौंपा है उसके द्वारा चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण करीब दो माह पहले ही शुरू कर दिया गया था।

सोमवार को एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने भवन के निर्माण के लिए भूमिपूजन व शिलान्यास किया। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को आयोजित समारोह में आचार्य अंकुर त्रिपाठी द्वारा विधि-विधान पूर्वक पूजा अर्चना कराते हुए कार्यक्रम संपन्न कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अभी तक हाईवे किनारे थाना जिस जगह संचालित है वहां जगह का काफी अभाव रहता है, इससे यहां पर तैनात पुलिसकर्मियों को काम करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

नया भवन बनने के बाद काफी सहूलियत होगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित थाने में काम करने का बेहतर माहौल मिलेगा। इस दौरान जेई राजकुमार पांडेय, गीता देवी, ठेकेदार अभिनव सेंगर, संदीप पाल सहित वरिष्ठ समाजसेवी उमेश त्रिवेदी, विष्णु कुमार गुप्ता, अतुल त्रिपाठी, विवेक शर्मा, लक्ष्मीकांत पाल, पप्पू दुबे आदि मौजूद रहे।

नए थाने में यह होगा कार्य
रनियां। पहले चरण में पूरे परिसर के चारों ओर करीब 12 फुट ऊंची बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालय भवन और सर्विस ब्लांक, गैरेज, कैंटीन भी बनाया जाएगा। नया भवन बनने तथा इसमें थाने का संचालन शुरू होने के बाद फरियादियों को बेहतर माहौल, अभिलेखों का बेहतर रखरखाव, तथा पुलिसकर्मियों को एक अच्छा वातावरण मिल सकेगा।

 

 

 


ये भी पढे-  कानपुर: सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच बनी एचपीवी वैक्सीन


 

Related Articles

AD
Back to top button