कानपुर देहात में बारिश बनी आफत: मंगलपुर में कच्चे मकान की छत ढहने से एक ही परिवार के 7 लोग मलबे में दबे, 3 की हालत गंभीर
खनतलैया गांव में सोते समय हुआ बड़ा हादसा; ग्रामीणों ने मलबे से निकाला बाहर, प्राथमिक उपचार के बाद 3 को जिला अस्पताल रेफर किया गया

कानपुर देहात: जनपद के मंगलपुर थाना क्षेत्र के खनतलैया गांव में शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान एक कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर जाने से उसके मलबे में दबकर परिवार के साथ लोग घायल हो गए।घायलों में तीन की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।हादसे के समय सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे।छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सातों घायलों को बाहर निकाला गया।सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को डेरापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।जहां मौजूद चिकित्सकों ने तीन घायलों की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अन्य चार घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी।घायलों में रामकली 55 वर्ष,लक्ष्मी 30 वर्ष,सीता 28 वर्ष,प्यारेलाल उर्फ अखिलेश 14 वर्ष,मानवी 3 वर्ष,प्रतिज्ञा 6 वर्ष और आरोही 3 वर्ष शामिल हैं।सभी को एंबुलेंस के माध्यम से डेरापुर सीएचसी ले जाया गया।जहां चिकित्सकों ने तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है।क्षेत्रीय लेखपाल कमलेश ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।जांच रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी जाएगी।



