चितवनखेड़ा में कलयुगी पिता ने ली बेटे की जान: सोते समय सिर पर मारा पत्थर, हैलट में तोड़ा दम
शराब के नशे में पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, छोटे भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
कानपुर देहात। जनपद के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रसधान चौकी के चितवनखेड़ा गांव में kanpur dehat murder की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक कलयुगी पिता ने पैसों के विवाद में सोते समय अपने ही 24 वर्षीय बेटे के सिर पर भारी पत्थर मारकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराए गए युवक ने बुधवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
शराब के नशे में पैसों को लेकर हुआ था विवाद
चितवनखेड़ा गांव निवासी अभिषेक कुमार (24) पुत्र रामजीवन का अपने पिता से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात करीब 11 बजे पिता रामजीवन अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा। उस समय अभिषेक गहरी नींद में सो रहा था। नशे में आपा खो चुके पिता ने आव देखा न ताव और पास में पड़े भारी पत्थर से सोते हुए अभिषेक के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। वार इतना घातक था कि अभिषेक लहूलुहान होकर अचेत हो गया।
ये रील भी देखे-
हैलट में इलाज के दौरान तोड़ा दम
चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने आनन-फानन घायल अभिषेक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हैलट में जिंदगी और मौत से जूझ रहे अभिषेक ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे अंतिम सांस ली। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीत्कार मच गया और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मृतक के छोटे भाई आनंद ने सिकंदरा थाने में लिखित तहरीर देकर अपने पिता रामजीवन के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विधिक प्रक्रिया शुरू की। इंस्पेक्टर सुधाकर सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले में साक्ष्य संकलन कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। kanpur dehat murder की इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।



