रनिया में पुलिस मुठभेड़ के बाद गोकशी के 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार: दो के पैर में लगी गोली, तमंचे, चापड़ व स्कूटी बरामद
रायपुर रिंद नदी के पास पुलिस पर की थी फायरिंग; जवाबी कार्रवाई में 2 घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

रनिया, कानपुर देहात। रनिया थाना क्षेत्र के रायपुर स्थित पुराने पुल के पास रिंद नदी के किनारे खेतों में मंगलवार की सुबह गोवंश की हत्या कर अवशेष पड़े मिले थे, घटना के खुलासे को लेकर तीन टीम लगाई गई थी।
रविवार की भोर रनिया पुलिस को मुखबिर की सूचना पर रायपुर रिंद नदी के पास घेरा बंदी कर पुलिस मुठभेड़ में तीन अभियुक्त को दो 315 बोर तमंचे, स्कूटी, जिंदा कारतूस, छूरी के साथ गिरफ्तार कर लिया, जिसमें दो के पैर में गोली लगी है। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
अपराधिक गतिविधियों की रोकथाम एवं गोकसी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अभियुक्ततो की गिरफ्तारी के उद्देश्य चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में रविवार की भोर रनिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रायपुर रिंद नदी के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक स्कूटी पर तीन लोग सवार होकर आते दिखे, जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए जनपद कानपुर नगर के थाना बादशाही नाका कुली बाजार निवासी अफजल करीम पुत्र शफी रहमान उम्र लगभग 29 वर्ष व थाना क्षेत्र के पकड़ी निवासी सलमान बाबू पुत्र खलील मोहम्मद उम्र लगभग 28 वर्ष दोनों अभियुक्त के पैर में गोली लगी है।
जबकि भाग रहे कानपुर नगर के थाना बेकनगंज रिजवी रोड निवासी इरफान पुत्र अनवर को पुलिस टीम ने पीछा करते हुए पकड़ लिया। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
अभियुक्तों के कब्जे से चार मोबाइल, दो चापड़, एक छुरा, एक छुरी, दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक स्कूटी व जामा तलाशी में कुल 1330 रुपए नगद बरामद हुए। इस संबंध में एसओ रनिया ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



