कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
राजपुर थाना क्षेत्र के मदियापुर गांव के पास मुगल रोड पर हुआ हादसा; दुकान बंद कर घर लौट रहा था 25 वर्षीय आसिफ, डंपर चालक मौके से फरार।

राजपुर (कानपुर देहात): जनपद के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुगल रोड पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मदियापुर गांव के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दुकान बंद कर घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, राजपुर कस्बे की नई बस्ती निवासी 25 वर्षीय आसिफ खां जल्ला गांव में मुगल रोड के किनारे जनरल स्टोर की दुकान चलाते थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान, जब वह मदियापुर गांव के सामने पहुंचे, तभी शाहजहांपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
क्षत-विक्षत हो गया शरीर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बेहद भयानक था। टक्कर लगने से आसिफ सड़क पर गिर पड़े और डंपर की चपेट में आ गए, जिससे उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही की।
पिता की भी सड़क हादसे में हुई थी मौत
युवक की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के चचेरे भाई जावेद ने बताया कि आसिफ ही परिवार का मुख्य सहारा था। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ समय पहले उनके चाचा (आसिफ के पिता) असरार ख़ां की भी उरई में एक सड़क हादसे में ही मौत हो चुकी है। इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
पुलिस कर रही डंपर की तलाश
राजपुर थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हादसे में शामिल डंपर और फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।



