कानपुर देहात: लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर कसेगा शिकंजा, मिशन मोड में होगा स्कूलों का औचक निरीक्षण
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विकासखंड के अंतर्गत ऐसे लापरवाह शिक्षकों को चिन्हित करें।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जिले के सरकारी स्कूलों में समय से न आने और विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को मिशन मोड में स्कूलों का स्थलीय निरीक्षण करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में जिला समन्वयकों और पटल सहायकों की उपस्थिति में यह बात सामने आई कि कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापक समय पर विभागीय कार्यों का निस्तारण नहीं कर रहे हैं।
इसके अलावा यह भी शिकायतें मिली हैं कि कुछ शिक्षक नियमित रूप से स्कूल नहीं आते हैं, देर से पहुंचते हैं और समय से पहले ही स्कूल बंद करके चले जाते हैं। शिक्षकों की इस लापरवाही के कारण विभागीय योजनाओं के संचालन में जनपद की रैंकिंग खराब हो रही है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विकासखंड के अंतर्गत ऐसे लापरवाह शिक्षकों को चिन्हित करें।
अधिकारियों को इन स्कूलों की ग्राम पंचायत और न्याय पंचायत वार सूची (हार्ड और सॉफ्ट कॉपी) तुरंत बीएसए के सीयूजी व्हाट्सएप नंबर या वरिष्ठ सहायक प्रदीप सिंह के व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध कराने को कहा गया है। आदेश के अनुसार सूची प्राप्त होने के बाद इन सभी चिन्हित विद्यालयों का मिशन मोड में औचक निरीक्षण किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले और समय से गायब रहने वाले प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्यवाही के लिए एक विशेष योजना तैयार की जा रही है। बीएसए ने इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी है।



