कानपुर देहात: तिरंगा यात्रा एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों का DM एवं CDO ने किया स्थलीय निरीक्षण
अकबरपुर में 13 और 14 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों के लिए अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

कानपुर देहात। जनपद में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों के क्रम में कल अकबरपुर इंटर कॉलेज से अकबरपुर बस स्टैंड तक प्रस्तावित तिरंगा यात्रा एवं दिनांक 14 अगस्त 2026 को अकबरपुर महाविद्यालय अकबरपुर में आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों, तिरंगा यात्रा के प्रस्तावित मार्ग, l पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे कार्यक्रमों का सफल एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं जनसहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रतिभागियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, एवं चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह दिवस देश के विभाजन के दौरान विस्थापन एवं कठिन परिस्थितियों का सामना करने वाले लोगों के संघर्ष, त्याग एवं पीड़ा को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रम को संवेदनशीलता एवं गरिमा के साथ आयोजित किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी श्री विधान जायसवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप जनपद में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अकबरपुर इंटर कालेज प्रधानाचार्य, अकबरपुर महाविद्यालय अकबरपुर प्राचार्य, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत अकबरपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का जनसैलाब, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किया नेतृत्व



