कानपुर देहात: निर्माणाधीन फैक्ट्री में हुई चोरी का सट्टी पुलिस ने किया खुलासा, 2 शातिर गिरफ्तार
कानपुर देहात में सर्विलांस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई, एक लाख का माल व ऑटो बरामद
कानपुर देहात की सट्टी पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने रूरगांव ढिकची मोड़ के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुर निवासी रामकुमार कटियार ने 29 जुलाई की रात ग्राम कुंवरपुर स्थित निर्माणाधीन फैक्ट्री ‘VNU ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज’ से इन्वर्टर व बैटरियां चोरी होने के संबंध में सट्टी थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी हुई थी।
सोमवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंगलपुर थाना क्षेत्र के मुडैरा किन्नर निवासी करनवीर सिंह (32) और अजीत सिंह (28) को धर दबोचा। पुलिस ने उनके पास से एक EAPRO कंपनी का इन्वर्टर, EXIDE कंपनी की तीन बैटरियां (कीमत लगभग एक लाख रुपये) और चोरी में इस्तेमाल किया गया TVS ऑटो (UP 77 BN 6653) बरामद किया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी अंशु के साथ मिलकर ऑटो की किस्त भरने और कर्ज चुकाने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वे चुराए गए सामान को बेचने के लिए भोगनीपुर जा रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी अंशु की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्वयं स्कूल पहुँचकर बच्चों को खिलाई कृमिनाशक दवाई



