कानपुर देहात के सचिन सिंह बने सहायक कमांडेंट, बर्तन विक्रेता के बेटे ने CAPF परीक्षा में फहराया परचम
रसूलाबाद के ग्राम दशहरा में छाया जश्न का माहौल, कठिन परिश्रम और धैर्य से हासिल की सफलता

कानपुर देहात: जनपद के ग्राम दशहरा रसूलाबाद निवासी सचिन सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। सचिन का चयन सहायक कमांडेंट के पद पर हुआ है।
सचिन के पिता सुंदर सिंह रसूलाबाद में एक बर्तन की दुकान चलाते हैं। एक साधारण परिवार से आने वाले सचिन ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गांव और जिला गौरवांवित महसूस कर रहा है।
अपनी इस शानदार सफलता पर बात करते हुए सचिन ने बताया कि कड़ा परिश्रम, धैर्य और सही दिशा में की गई तैयारी ही किसी भी कठिन लक्ष्य को पाने की असली चाबी होती है। उन्होंने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुजनों के सही मार्गदर्शन को दिया है।
सहायक कमांडेंट के पद पर चयन की खबर मिलते ही सचिन के घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। गांव दशहरा और रसूलाबाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है, और लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस सफलता का जश्न मना रहे हैं।



