कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में 28 व 29 नवंबर को मतदाता सूची विशेष अभियान दिवस, बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक फॉर्म-6, 7 व 8 के जरिए करा सकेंगे नाम दर्ज, संशोधन व विलोपन; डीएम कपिल सिंह ने युवाओं व महिलाओं से की पंजीकरण की अपील

Story Highlights
  • युवाओं एवं महिलाओं सहित छूटे हुए पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर
  • प्रत्येक मतदेय स्थल पर हेल्प डेस्क तथा जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से मिलेगी सहायता

कानपुर देहात। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात के समस्त मतदेय स्थलों पर 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार), 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान 17 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से नागरिक अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। साथ ही नए मतदाता पंजीकरण हेतु फॉर्म-6, नाम विलोपन संबंधी आपत्ति हेतु फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन अथवा निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदेय स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से भी मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवसों का आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर बीएलओ की उपस्थिति, आलेख्य मतदाता सूची एवं पर्याप्त संख्या में आवेदन फॉर्मों की उपलब्धता तथा हेल्प डेस्क के संचालन का निरीक्षण करेंगे। अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी  कपिल सिंह ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 28 एवं 29 नवम्बर को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन एवं निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 तथा किसी अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम हटाने के लिए नियमानुसार फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। अतः स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

AD
Back to top button