कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट: जिला प्रशासन ने जारी की सख्त एडवाइजरी, ‘सचेत’ व ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अलर्ट; ADM दुष्यंत कुमार मौर्य ने सुरक्षित स्थानों पर रहने व सावधानी बरतने के दिए निर्देश

राजेश कटियार, कानपुर देहात। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जनपद कानपुर देहात में भारी बारिश और आसमानी बिजली (वज्रपात) का पूर्वानुमान और चेतावनी जारी की गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम जनमानस की सुरक्षा और बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण प्रेस-विज्ञप्ति जारी की है। अपर जिलाधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य द्वारा जारी इस निर्देश में नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों को अपने एंड्रॉयड मोबाइल फोन में ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ मोबाइल ऐप अनिवार्य रूप से डाउनलोड करने की सलाह दी है, ताकि वज्रपात की पूर्व चेतावनी और एडवायजरी के माध्यम से होने वाली क्षति को कम किया जा सके।मौसम के खराब होने या बिजली कड़कने की स्थिति में सुरक्षित रहने के लिए प्रशासन ने कुछ जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

यदि आप खुले में हैं, तो शीघ्र अति शीघ्र किसी पक्के मकान में शरण लें और खिड़कियों, दरवाजों, बरामदे व छत से दूर रहें। इसके साथ ही तालाबों, जलाशयों, बिजली के खंभों, टेलीफोन के तारों और धातु से बने कृषि यंत्रों से उचित दूरी बनाए रखनी चाहिए। समूह में खड़े होने के बजाय अलग-अलग खड़े हों और बिजली के उपकरणों को मुख्य संपर्क से हटा दें। यदि कोई व्यक्ति वज्रपात की चपेट में आकर घायल हो जाता है, तो उसे तुरंत नजदीकी प्राथमिक चिकित्सा केंद्र ले जाएं या आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर कॉल करें। इसके अतिरिक्त अपने पालतू पशुओं को भी किसी सुरक्षित स्थान पर बांधना सुनिश्चित करें।

प्रशासन ने इस दौरान कुछ गलतियों से बचने की भी सख्त हिदायत दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे जर्जर या पुराने मकानों और ऊंची इमारतों वाले क्षेत्रों में शरण न लें। बच्चों को तालाब या जलाशयों के पास न जाने दें और ऊंचे वृक्षों व खंभों के नीचे कतई खड़े न हों, क्योंकि ये आसमानी बिजली को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।

पैदल चलते समय धातु की डंडी वाले छातों का उपयोग बिल्कुल न करें। घर के अंदर रहने पर भी पानी का नल, फ्रिज और टेलीफोन जैसी चीजों को छूने से बचें और जब तक आसमान पूरी तरह साफ न हो जाए तब तक घर के अंदर ही रहें।

Related Articles

AD
Back to top button