उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूजलखनऊ

यूपी के कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का येलो-ऑरेंज अलर्ट: मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने जारी किया 3 घंटे का तात्कालिक पूर्वानुमान

कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर व बांदा समेत दर्जनों जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी; प्रशासन ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

लखनऊ/कानपुर देहात। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ द्वारा 29 अगस्त की सुबह उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान (नाउकास्ट) जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न अंचलों में बादलों की तेज गर्जना और आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम व भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार चित्रकूट, बांदा, कुशीनगर, सीतापुर, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, हरदोई, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बिजनौर, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, महोबा, हमीरपुर, कौशाम्बी, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर और बस्ती जनपदों में आकाशीय बिजली चमकने और हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान जताया गया है।
खराब मौसम और वज्रपात की आशंका को देखते हुए संबंधित जिला प्रशासनों ने आम जनता से सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि गरज-चमक और बारिश के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों, जलाशयों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा किसी पक्के और सुरक्षित स्थान पर ही शरण लें।

Related Articles

AD
Back to top button