कानपुर देहात: हरिद्वार का सिद्ध बाबा बनकर अनहोनी का डर दिखाते थे, महिलाओं से जेवर ठगने वाले 2 शातिर मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुलिस टीम पर की थी फायरिंग, रसूलाबाद पुलिस ने सोने-चांदी के गहने, नकदी, तमंचे और दो बाइक के साथ दबोचा
कानपुर देहात: जनपद में महिलाओं और दंपत्तियों को झांसा देकर जेवरात व नकदी ठगने वाले गिरोह का रसूलाबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
20 अगस्त 2026 को रसूलाबाद पुलिस टीम रामपुर से नारखास जाने वाली सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखे। रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से तमंचे से फायर झोंक दिया। पुलिस की तत्परता से गोली चलाने वाले दो आरोपियों शाहरुख निवासी नौरंगाबाद (थाना रूरा) और शमीर निवासी जल्लापुर सिकंदरा (थाना राजपुर) को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि घाटमपुर निवासी हुसैन भाग निकला।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। गिरोह का मुख्य सरगना हुसैन आगे-आगे चलकर खुद को हरिद्वार से आया सिद्ध बाबा बताता था। दोनों साथी पीछे रहकर लोगों को बाबा की चमत्कारी शक्तियों का झांसा देते थे और अनहोनी का भय दिखाकर महिलाओं से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ठग लेते थे। आरोपियों ने रसूलाबाद, मंगलपुर, सिकंदरा और औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। पकड़े गए शाहरुख पर 12 और शमीर पर 7 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवनरायन सिंह, निरीक्षक अपराध राजपाल सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राम सिंह, उपनिरीक्षक रामकृष्ण मिश्र, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह, कांस्टेबल अजयपाल, विनोद पुरी और विजय शामिल रहे।



