कानपुर देहात: रसूलपुर गोगूमऊ में बेवा के घर चोरी का 36 घंटे में खुलासा, देवर ही निकला मास्टरमाइंड; जेवरात संग गिरफ्तार
पामां चौकी इंचार्ज की टीम ने अभियुक्त को चोरी के जेवरात और नगदी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

अमन यात्रा लाइव (कानपुर देहात)। गजनेर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गोगूमऊ गांव में बेवा महिला के घर सेंधमारी कर लाखों की चोरी करने के मामले का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि महिला का देवर ही निकला, जिसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया था। पामां चौकी इंचार्ज की टीम ने अभियुक्त को चोरी के जेवरात और नगदी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 1/2 अगस्त की रात रसूलपुर गोगूमऊ निवासी दिवंगत सुनील कुमार की पत्नी बबली के घर के पीछे की दीवार काटकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए थे। बबली की तहरीर पर पुलिस ने धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुक्तापुर-टडवारा मार्ग पर चेकिंग के दौरान अभियुक्त प्रदीप उर्फ छोटू (29) पुत्र पप्पू निवासी गोगूमऊ को गिरफ्तार कर लिया।
व्यक्तिगत खर्चों के लिए भाभी के घर को बनाया निशाना
पूछताछ में अभियुक्त प्रदीप ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि पीड़ित महिला उसके परिवार की भाभी हैं। उनके पति की मृत्यु हो चुकी है और वह बच्चे के साथ अकेली रहती हैं। घर में किसी पुरुष के न होने का फायदा उठाकर उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। घटना के बाद जब तीनों साथियों ने माल का बंटवारा किया, तो वह अपना हिस्सा लेकर गजनेर की तरफ जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से पीली धातु के 3 लॉकेट (पेंडल), एक नोज पिन, सफेद धातु की पायल, बिछुए, अंगूठी और ₹750 नगद बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
सफल खुलासा करने वाली टीम में पामां चौकी प्रभारी उ०नि० मोहनवीर, कांस्टेबल रोहित कुमार, रोहताश सिंह, सुनील कुमार तथा रिक्रूट कांस्टेबल ब्रजेश कुमार शामिल रहे। पुलिस अब फरार चल रहे दो अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।



